आमदई माइंस के लोहे से लदे ट्रक ने बिजली पोल को मारी जोरदार टक्कर, छोटेडोंगर क्षेत्र में छाया अंधेरा, चालक गिरफ्तार

bastardarshan24@gmail.com
3 Min Read

  • सवाददाता बोधन नाग – ट्रक चालक की भारी लापरवाही से पूरा क्षेत्र हुआ अंधेरामय; मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी चालक को किया गिरफ्तार, बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास जारी।

​छोटेडोंगर। क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया, परंतु बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है। आमदई माइंस से लोह अयस्क से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए सड़क किनारे स्थित बिजली के मुख्य पोल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजली का खंभा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर बीच से टूट गया, जिससे मुख्य विद्युत लाइनें जमीन पर आ गिरीं।

​इस हादसे के तुरंत बाद पूरे छोटेडोंगर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई और संपूर्ण इलाका अंधेरा में तब्दील हो गया। घटना के समय सड़क पर भारी वाहनों के अलावा अन्य आवाजाही कम होने के कारण एक बड़ी जनहानि टल गई, अन्यथा भारी वजन से लदा यह अनियंत्रित ट्रक किसी बड़ी दुर्घटना का सबब बन सकता था।

*छोटेडोंगर ​पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी:*

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बिना समय गंवाए सीधे मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनास्थल से फरार होने का प्रयास कर रहे लापरवाह ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रशासन द्वारा दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है और आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

​ *ग्रामीणों में आक्रोश,*

स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि माइंस से निकलने वाले भारी ट्रकों की गति और उनकी लापरवाही पर अंकुश लगाना बेहद जरूरी हो गया है, क्योंकि आए दिन इस तरह के जोखिम बनी रहती हैं। फिलहाल, पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में ले लिया है और बिजली विभाग को सूचित कर दिया गया है ताकि टूटे हुए पोल को बदलकर क्षेत्र में जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था पुनः बहाल की जा सके।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *