नारायणपुर, 17 जुलाई 2026// शासन की जनकल्याणकारी पहल ‘सेवा सेतु’ ग्रामीण और शहरी नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रही है। डिजिटल प्रणाली आधारित यह व्यवस्था न केवल आमजन की भागदौड़ कम कर रही है, बल्कि शासन के प्रति लोगों का विश्वास भी निरंतर सुदृढ़ कर रही है।
कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशन में जिले में सेवा सेतु केन्द्रों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न प्रमाण-पत्र एवं आवश्यक शासकीय सेवाएं त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी क्रम में ग्राम तारागांव की निवासी दिव्या पटेल, पति मिथून पटेल को सेवा सेतु केन्द्र के माध्यम से विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराया गया। आवेदन प्राप्त होते ही उसका त्वरित निराकरण किया गया और पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संपन्न होने के कारण उन्हें किसी भी कार्यालय के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़े। दिव्या पटेल बताती हैं कि पहले विवाह पंजीयन जैसे कार्यों के लिए विभिन्न कार्यालयों में कई बार जाना पड़ता था, जिससे समय और संसाधनों दोनों की हानि होती थी। लेकिन सेवा सेतु केन्द्र के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया अत्यंत सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक रही। निर्धारित समय में प्रमाण-पत्र प्राप्त होने से उनके आवश्यक कार्य बिना किसी बाधा के पूरे हो सके। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं सेवा सेतु केन्द्र के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह व्यवस्था विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। इससे लोगों को घर के निकट ही शासकीय सेवाओं का लाभ मिल रहा है और अनावश्यक परेशानियों से भी राहत मिली है।
सेवा सेतु की सफलता का दायरा लगातार बढ़ रहा है। ग्राम पंचायत स्तर पर नल कनेक्शन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की साफ-सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट तथा भवन निर्माण अनुज्ञा प्रमाण-पत्र जैसी सेवाएं भी संचालित की जा रही हैं। वहीं पंचायत स्तर पर ऑनलाइन व्यवस्था प्रारंभ होने के बाद 8 विवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इसके अलावा सेवा सेतु केन्द्रों के माध्यम से आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र सहित अनेक शासकीय सेवाएं पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से प्रदान की जा रही हैं। जिला प्रशासन द्वारा शीघ्र ही राशन कार्ड से संबंधित ऑनलाइन सेवाएं भी प्रारंभ की जाएंगी। इसके अंतर्गत राशन कार्ड में नए सदस्य का नाम जोड़ना, नाम विलोपित करना तथा अन्य आवश्यक संशोधन संबंधी सेवाएं सेवा सेतु केन्द्रों के माध्यम से उपलब्ध होंगी। यह पहल सुशासन, डिजिटल प्रशासन और नागरिक-केंद्रित सेवा वितरण को सशक्त बनाने के साथ-साथ शासन और आमजन के बीच विश्वास का मजबूत सेतु भी बन रही है।