
नारायणपुर, 23 जून 2026। ग्राम पंचायत पोछावाड़ा अंतर्गत ग्राम रोहताड़ में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत पेंशन सत्यापन एवं डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य पेंशन हितग्राहियों की जानकारी का सत्यापन, नॉन-डीबीटी हितग्राहियों के बैंक खाते एवं आधार विवरण का संकलन तथा मृत पेंशनधारियों का चिन्हांकन करना था।
कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार जिले की सभी ग्राम पंचायतों में मिशन मोड पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का सत्यापन एवं अद्यतन कार्य संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत नॉन-डीबीटी खातों को डीबीटी प्रणाली से जोड़ने, मृत पेंशन हितग्राहियों के नाम सूची से पृथक करने तथा पात्र लेकिन छूटे हुए हितग्राहियों को पेंशन योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।
समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक श्री श्याम सुंदर रैदास ने बताया कि ग्राम पंचायत पोछावाड़ा में कुल 118 पेंशन हितग्राही पंजीकृत हैं, जिनमें 40 हितग्राही नॉन-डीबीटी श्रेणी के हैं। आयोजित शिविर में 2 हितग्राहियों के आधार एवं बैंक खाते संबंधी विवरण संकलित किए गए, जबकि 2 हितग्राहियों को बैंक में ई-केवाईसी कराने हेतु निर्देशित किया गया। वहीं 6 हितग्राहियों को जानकारी दी गई कि उनकी पेंशन राशि पहले से ही डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में जमा हो रही है।
शिविर के दौरान पंचायत सचिव द्वारा 11 पेंशन हितग्राहियों के निधन होने की जानकारी दी गई, जिसके आधार पर मृत पेंशनधारियों का चिन्हांकन कर आवश्यक अभिलेखीय कार्रवाई प्रारंभ की गई है। संबंधित जानकारी विभाग को भेजी जाएगी, जिससे अपात्र नामों पर होने वाले भुगतान को रोका जा सके और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
शिविर में वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों ने भाग लिया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा बैंक खातों, आधार संख्या तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। जिन हितग्राहियों की पेंशन अभी तक डीबीटी प्रणाली से नहीं जुड़ी है, उनके दस्तावेज आगामी कार्रवाई हेतु दर्ज किए गए, ताकि भविष्य में पेंशन राशि सीधे उनके बैंक खातों में समयबद्ध रूप से हस्तांतरित की जा सके।
ग्रामीणों ने शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सत्यापन अभियान से वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है तथा बैंक खाते एवं आधार संबंधी त्रुटियों का समय रहते निराकरण संभव हो पाता है।
शिविर में पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सचिव, रोजगार सहायक एवं संबंधित विभागीय कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। अधिकारियों ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के प्रभावी संचालन तथा लाभार्थियों के अद्यतन अभिलेख तैयार करने के लिए इस प्रकार के शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इससे पेंशन भुगतान व्यवस्था और अधिक पारदर्शी, सुगम एवं प्रभावी बनेगी।