युवाओं के कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता और शासकीय योजनाओं से जुड़ाव पर हुई चर्चा*
नारायणपुर, 16 जुलाई 2026 // युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत (MY Bharat) के तहत जिला सलाहकार एवं जिला समन्वयक समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर नम्रता जैन ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक में जिला युवा अधिकारी ने मेरा युवा भारत के अंतर्गत जिले में संचालित एवं प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि युवाओं को नेतृत्व, कौशल विकास, स्वयंसेवा, खेल, रोजगार तथा व्यक्तित्व विकास से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है।
इस दौरान युवा मंडलों के गठन एवं सशक्तिकरण, खेल गतिविधियों के विस्तार, स्टेट यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम, विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट, विकसित भारत यंग लीडरशिप डायलॉग, वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम, कौशल विकास एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, बजट क्विज़ सहित अन्य कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। साथ ही युवाओं को शिक्षा, रोजगार, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ने के लिए विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बैठक में MY Bharat पोर्टल पर जिले के विभिन्न शासकीय विभागों को ऑनबोर्ड करने तथा विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों को पोर्टल पर उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई, जिससे युवाओं को एक ही मंच पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी और उनमें सहभागिता का अवसर मिल सके। अधिकारियों से अधिक से अधिक युवाओं का पोर्टल पर पंजीयन कराने के लिए भी आवश्यक पहल करने का आग्रह किया गया।
कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि युवाओं का सर्वांगीण विकास जिले और देश के विकास का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए युवाओं को शासन की योजनाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा रोजगारोन्मुखी अवसरों से जोड़ने के लिए सक्रिय प्रयास करने के निर्देश दिए।