UP News Hindi LIVE: ‘सपा सरकार में बिजली की हालत खराब’, बागपत पहुंचे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, विपक्ष पर किया हमला

bastardarshan24@gmail.com
5 Min Read

यूपी समाचार लाइव: नमस्कार, उत्तर प्रदेश के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. हम इस लाइव ब्लॉग में प्रदेश की क्राइम, राजनीति और वायरल के अलावा अन्य खबरों को बताएंगे. लखनऊ, कानपुर और नोएडा के अलावा यूपी के 75 जिलों की हर एक बड़ी खबर यहां पढ़ने को मिलेगी. इसलिए जुड़े रहें हमारे साथ इस लाइव ब्लॉग में…

बागपत दौरे पर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, सीएचसी निरीक्षण के बाद विपक्ष पर हमला

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक बागपत पहुंचे, जहां उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया और भवन की मरम्मत के निर्देश दिए. इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा. डिप्टी सीएम ने कहा कि पिछली सरकार में बिजली की हालत बेहद खराब थी, जबकि मौजूदा बीजेपी सरकार में बिजली, पानी और सड़कों का व्यापक विकास हुआ है. उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रदेश की जनता खड़ी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था दुनिया में चौथे नंबर पर पहुंच चुकी है.

गाजियाबाद: किराए के कमरे में स्पाई कैमरा, विरोध पर मकान मालिक ने दी धमकी

गाजियाबाद में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. अस्पताल में भर्ती बीमार परिचित को देखने आए भाई-बहन ने अस्पताल के पास एक कमरा किराए पर लिया था. आरोप है कि उस कमरे में स्पाई कैमरा लगा हुआ था. जब दोनों ने इसका विरोध किया तो मकान मालिक ने उन्हें धमकी दी. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मकान मालिक और केयर टेकर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. मामला थाना कौशांबी क्षेत्र का है.

प्रतापगढ़ जेल में 7 किन्नर मिले HIV पॉजिटिव

जिला कारागार प्रतापगढ़ से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. यहां की जेल में एचआईवी ने दस्तक दे दी है, जिससे हड़कंप मच गया है. 13 किन्नरों का ब्लड सैंपल लेकर फाइनल जांच के लिए भेजा गया था. उनमें से 7 किन्नर एचआईवी पॉजिटिव निकले हैं. बता दें, इन 13 किन्नरों को दो दिन पहले ही पूर्व नगर कोतवाली पुलिस ने जानलेवा हमला और मारपीट के मामले में जेल भेजा था.

प्रदेश के लाखों अभ्यर्थियों का इंतज़ार खत्म

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है. आयोग ने प्रदेश के लाखों अभ्यर्थियों का इंतज़ार खत्म करते हुए TET, TGT, PGT और असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षाओं की नई तारीखों का ऐलान कर दिया है. ये सभी परीक्षाएं अप्रैल से जुलाई के बीच आयोजित की जाएंगी. आयोग की ओर से जारी इस फैसले को अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार की मंज़ूरी के बाद अंतिम रूप दिया गया है.

हरदोई: बाइक और आलू लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत, पूर्व प्रधान जगरूप की मौत

हरदोई जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिपरिया के पूर्व प्रधान जगरूप की जान चली गई. शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के भदासी गांव में बाइक और आलू लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि ट्रैक्टर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है.

लखनऊ: PGI इलाके में युवक की चाकू से हत्या, रिश्तेदार पर आरोप
लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र से सनसनीखेज वारदात सामने आई है. बीच सड़क एक युवक की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान प्रदीप सिंह के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोप उसके रिश्तेदार रामविलास पर लगाया गया है. वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

सोनभद्र: ट्रक से बचने के दौरान तेज रफ्तार ऑटो पलटा, चालक की मौत

सोनभद्र जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. कोन थाना क्षेत्र में ट्रक से बचने के प्रयास में तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया. इस हादसे में चालक सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गए. सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान ऑटो चालक की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Source

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *