Last Updated:January 21, 2026, 11:47 IST
Bareilly News: बरेली हिंसा के मास्टरमाइंड मौलाना तौकीर रजा के मददगारों पर बुलडोजर एक्शन के बाद अब वसूली की कार्रवाई भी होगी. बरेली विकास प्राधिकरण ने बुलडोजर एक्शन में हुए खर्चे की पाई-पाई वसूलने के लिए रिकवरी नोटिस जारी करेगा. बरेली विकास प्राधिकरण इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं.
ख़बरें फटाफट
Bareilly News: मौलाना तौक़ीर रजा के मददगारों पर कसा शिकंजा
बरेली. बरेली हिंसा के मास्टरमाइंड मौलाना तौकीर रजा के मददगारों की मुसीबत और बढ़ने वाली है. पहले उनके दुकान, मैरिज लॉन और शोरूम पर बुलडोजर की कार्रवाई की गई. अब बरेली विकास प्राधिकरण ध्वस्तीकरण की कार्रवाई में हुए हरजा-खर्चा की पाई-पाई वसूल करेगा. पुलिस फोर्स समेत ध्वस्तीकरण में लगी पूरी सरकारी मिशनरी की तनख्वाह की भरपाई की जाएगी. बीडीए ने वसूली प्रक्रिया की कार्रवाई शुरू कर दी है. मनमानी करने वालों के खिलाफ आरसी जारी होगी.
बता दें कि बरेली हिंसा के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की थी. इसमें तौकीर रजा के मददगारों को न सिर्फ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया बल्कि उनके करीब डेढ़ दर्जन अवैध बिल्डिंग को ध्वस्त किया गया. बिल्डिंग ध्वस्तीकरण में बड़ी तादाद में सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल हुआ. अब भू राजस्व की भांति उनसे ध्वस्तीकरण में आए खर्च को वसूला जाएगा. इस संबंध में बीडीए प्रशासन ने आदेश जारी कर दिया है.
मददगारों में हड़कंप
बीडीए के अधिकारियों का साफ तौर पर कहना है कि जिन बिल्डिंगों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है उसमें पुलिस फोर्स से लेकर जो भी सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल किया गया है, उसमें वेतन समेत जो भी खर्च आया है, उसकी पाई पाई वसूल की जाएगी. अगर सरकारी हरजा खर्चा को जमा करने में आनाकानी की तो आरसी जारी कर भू राजस्व की तरह वसूली की जाएगी. वहीं अब बीडीए के हरजा खर्चा का नोटिस मिलने के बाद मौलाना तौकीर रजा के मददगारों में हड़कंप मच गया है.
दंगा भड़काने की रची थी साजिश
दरअसल, बरेली में 26 सितंबर 2025 को एक सोची समझी साजिश के तहत बरेली शहर की फिजा खराब करने की कोशिश की गई थी. लेकिन अधिकारियों ने समय रहते इस पर काबू पा लिया था और इसके बाद जिला प्रशासन ने बरेली में दंगा भड़काने की साजिश करने वालों की कुंडली खंगालना शुरू कर दी थी. जिसमें मौलाना तौकीर रजा के जिन मददगारों ने दंगा भड़काने की कोशिश की थी उनमें से ज्यादातर ने अवैध निर्माण कर अपनी कमाई का जरिया बढ़ाया हुआ था. जिस पर बरेली विकास प्राधिकरण प्रशासन ने सभी ऐसी अवैध बिल्डिंग के मालिकों को खुद से ध्वस्त करने का नोटिस जारी किया था, लेकिन इसके बावजूद किसी ने भी खुद से अवैध बिल्डिंग को ध्वस्त नहीं किया.
डेड दर्जन बिल्डिंग पर चला था बुलडोजर
बाद में बीडीए ने सभी तरह की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ऐसे करीब करीब 500 करोड़ रुपए की लागत से बनी डेढ़ दर्जन बिल्डिंगों पर बुलडोजर की कार्रवाई की थी. जिसमें बड़ी तादाद में पुलिस फोर्स समेत करोड़ों रुपए सरकार का खर्च हुआ था. तो फिलहाल अब बरेली विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने गुणा-गणित के आधार पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बाद अवैध निर्माण करने वालों को हरजा खर्चा वसूली के नोटिस भेजे जा रहे हैं.
About the Author
Amit Tiwariवरिष्ठ संवाददाता
अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें
Location :
Bareilly,Uttar Pradesh
First Published :
January 21, 2026, 11:47 IST
बरेली हिंसा के मास्टरमाइंड मौलाना तौकीर रजा के मददगारों से होगी वसूली