नारायणपुर, 22 जून 2026// खरीफ सीजन 2026-27 के लिए जिले में बीज भंडारण एवं वितरण कार्य तेजी से जारी है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, प्राथमिक कृषि साख समितियों एवं कृषि विभाग के माध्यम से किसानों को समय पर बीज उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे खेती-किसानी की तैयारियों को गति मिली है।
22 जून 2026 तक प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में कुल 2011.80 क्विंटल बीज का भंडारण किया गया है, जिसमें धान, मूंग एवं तिल सहित विभिन्न फसलों के बीज शामिल हैं। इनमें से 1083.56 क्विंटल बीज का वितरण किसानों को किया जा चुका है, जबकि 928.24 क्विंटल बीज शेष है।
जिले की विभिन्न समितियों में बीज वितरण का कार्य निरंतर जारी है। नारायणपुर, एड़का, बेनूर, बासिंग, गरांजी, छोटेडोंगर एवं धौड़ाई सहित अधिकांश समितियों में किसानों ने धान बीज का उठाव किया है। सबसे अधिक भंडारण और वितरण धान बीज का दर्ज किया गया है।
कृषि विभाग द्वारा किसानों को आवश्यकतानुसार प्रमाणित एवं गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पर्याप्त मात्रा में बीज उपलब्ध है तथा किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे समय पर समितियों एवं कृषि विभाग से संपर्क कर आवश्यक बीज प्राप्त करें तथा खरीफ फसलों की बुवाई की तैयारी पूर्ण करें। समय पर बीज उपलब्ध होने से जिले में खरीफ उत्पादन बढ़ने की संभावना है और किसानों को बेहतर पैदावार का लाभ मिलेगा।