अबूझमाड़ थुलथुली के ग्रामीणों को गांव में मिला राशन 25 किलोमीटर की दूरी से मिली राहत

bastardarshan24@gmail.com
2 Min Read

नारायणपुर, 23 जून 2026// कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष पहल की जा रही है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत थुलथुली के हितग्राहियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत खाद्यान्न उनके गांव में ही पहुंचाकर वितरित किया गया।

ओरछा से ट्रैक्टर के माध्यम से खाद्यान्न का परिवहन कर सीधे ग्राम थुलथुली में वितरण सुनिश्चित किया गया। जिला खाद्य अधिकारी मोहम्मद अलाउद्दीन ने बताया कि ग्राम थुलथुली में अंत्योदय राशन कार्डधारी 343 हितग्राही, एक निराश्रित राशन कार्डधारी तथा एक एपीएल राशन कार्डधारी परिवार को खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया।

उल्लेखनीय है कि पूर्व में ग्रामवासियों को राशन प्राप्त करने के लिए लगभग 25 किलोमीटर पैदल चलकर ओरछा जाना पड़ता था। इससे विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। जिला प्रशासन की इस विशेष व्यवस्था से अब ग्रामीणों को लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ रही है और उन्हें अपने गांव में ही सुविधाजनक रूप से राशन उपलब्ध हो रहा है।

खाद्यान्न वितरण के दौरान ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से उनके समय, श्रम और धन तीनों की बचत हुई है। उन्होंने कहा कि गांव में ही राशन मिलने से उनकी समस्याओं का समाधान हुआ है।

जिला प्रशासन नारायणपुर द्वारा दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहज और प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *