
नारायणपुर। थाना छोटेडोंगर पुलिस ने घरेलू विवाद की सूचना पर त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर संभावित अप्रिय घटना को टाल दिया
15 मई 2026 की रात्रि थाना प्रभारी छोटेडोंगर को मोबाइल के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम मुण्डाटिकरा निवासी हासम गागडा अपनी मां एवं बड़ी बहन के साथ गाली-गलौच और मारपीट कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हरिशंकर ध्रुव के निर्देश पर प्र.आर. 534 फागुराम चक्रधारी, आरक्षक 599 अनिल बघेल एवं आरक्षक 952 की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
पुलिस टीम जब मुण्डाटिकरा पहुंची, तब आरोपी हासम गागडा पिता कमलू गागडा अपनी मां रूखमती एवं बड़ी बहन धनेश्वरी प्रधान के साथ हाथापाई और अभद्र व्यवहार कर रहा था। घटना स्थल पर आसपास के ग्रामीण भी एकत्रित हो गए थे। पुलिस द्वारा शांतिपूर्वक समझाइश देने के बावजूद आरोपी और अधिक उत्तेजित हो गया तथा पुलिस टीम के सामने भी अपशब्दों का प्रयोग करने लगा।
स्थिति की गंभीरता एवं संभावित संज्ञेय अपराध को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर थाना छोटेडोंगर लाया। पूछताछ के दौरान उसकी मां रूखमती ने बताया कि हासम आए दिन परिवार के साथ लड़ाई-झगड़ा एवं मारपीट करता है और भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी हुई है।
परिवार की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने आरोपी हासम गागडा को धारा 170 बी.एन.एस.एस. के तहत गिरफ्तार किया। साथ ही उसके विरुद्ध धारा 126 एवं 135(3) बी.एन.एस.एस. के तहत इस्तगाशा तैयार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
ग्रामीणों ने पुलिस की तत्परता, संयम और मानवीय पहल की सराहना की है।