
बोधन नाग – नारायणपुर से इस वक़्त की बड़ी खबर सामने आ रही है जहाँ नक्सलियो की भारी मात्रा में डंप सामग्री और आईईडी बरामद करने में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। छत्तीसगढ़ शासन की नक्सल उन्मूलन नीति के तहत जिला नारायणपुर के अबूझमाड़ क्षेत्र में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षा बलों को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। दरअसल 31 जनवरी को नारायणपुर पुलिस डीआरजी और आईटीबीपी की संयुक्त टीम द्वारा घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र ग्राम मडोड़ा से भोटोर के बीच एक जॉइंट सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। सर्च ऑपरेशन के दौरान ग्राम भोटोर के पास सघन जंगलों में नक्सलियों द्वारा छिपा कर रखा गया एक विशाल डंप बरामद किया गया ,सुरक्षा बलों द्वारा की गई घेराबंदी और तलाशी में भारी मात्रा में डेटोनेटर रसद एवं उपकरण ,बड़े ड्रम राशन का सामान एवं दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई। सर्चिंग के दौरान जवानों को एक प्रेशर कुकर आईडी भी मिली जिसे आईटीबीपी की बीडीएस टीम द्वारा डिफ्यूज किया गया।