
बोधन नाग- नारायणपुर जिले के आमदई माइंस में 400 से अधिक स्थानीय मजदूर अकुशल से अर्धकुशल श्रेणी की मांग को लेकर पांच दिनों से हड़ताल पर हैं, जिससे खनन और परिवहन कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
छोटेडोंगर। नारायणपुर जिले के आमदई माइंस में कार्यरत 400 से अधिक स्थानीय मजदूर अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं। मजदूर अकुशल श्रेणी से अर्धकुशल श्रेणी में वर्गीकरण की मांग कर रहे हैं। मजदूरों की हड़ताल पांच दिनों से जारी रहने के कारण माइंस का कामकाज पूरी तरह ठप पड़ गया है।
मजदूरों द्वारा आमदई माइंस के जीरो प्वाइंट पर धरना दिया जा रहा है। खनन कार्य बंद होने से लौह अयस्क परिवहन में लगे सैकड़ों वाहनों के पहिए थम गए हैं। इससे वाहन मालिकों और चालकों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है और क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।